हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार, बाइक और नकदी भी बरामद
मीरजापुर, 01 जुलाई । जिगना थाना पुलिस ने बुधवार को इस वाहन चेकिंग के दौरान एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पांच ग्राम हेरोइन, दो मोबाइल फोन और तीन हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक को भी कब्जे में लेकर सीज कर दिया है।
थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि बुधवार को पाली अंडर ब्रिज के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से पांच ग्राम हेरोइन, दो मोबाइल फोन और तीन हजार रुपये नकद बरामद हुए।
गिरफ्तार युवक की पहचान प्रयागराज जनपद के मांडा थाना क्षेत्र स्थित भरारी वरियार गांव निवासी मंगला पुत्र राम कैलाश के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। घटना में प्रयुक्त बाइक को भी सीज कर दिया गया है।









