राज्य मंत्री संजय गंगवार ने उरई में बैठक कर पौधरोपण अभियान की समीक्षा की
उरई, 10 जुलाई । वृक्षारोपण अभियान को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी राज्य मंत्री संजय गंगवार ने शुक्रवार काे जालाैन जिला मुख्यालय पर समीक्षा बैठक की। उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ जनआंदोलन का रूप देने के तहत जिले से छह प्रचार-प्रसार वाहन रवाना किए। यह वाहन गांव-गांव लोगों को पौधरोपण के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि इस अभियान में आम नागरिकों से लेकर व्यापारी, छात्र, अभिभावक, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के कर्मचारी सक्रिय रूप से भाग लेंगे।
जिले के प्रभारी मंत्री गंगवार ने बताया कि यह अभियान देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक पौधे लगाकर जनपद और प्रदेश को हराभरा बनाना है। प्रशासन का प्रयास है कि हर परिवार अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए। उसकी देखभाल भी करे। जिला प्रशासन के अनुसार जनपद जालौन को 98 लाख 12 हजार 400 पौधे लगाने का लक्ष्य मिला है। हालांकि तैयारियों की समीक्षा के बाद अधिकारियों ने विश्वास जताया कि यह लक्ष्य आसानी से पार कर लिया जाएगा और जिले में एक करोड़ से अधिक पौधों का रोपण किया जाएगा।
अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापारी संगठनों, सभी 27 विभागों, स्कूलों के विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों तथा एनडीए परिवार के कार्यकर्ताओं को भी जोड़ा गया है। बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक जनप्रतिनिधि और विभिन्न सामाजिक संगठन लोगों को पौधरोपण के लिए प्रेरित करेंगे। प्रशासन ने परिवहन विभाग के माध्यम से ट्रक चालकों से भी इस अभियान में भागीदारी की अपील की है। वहीं बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से भी अपने-अपने घरों और आस-पास पौधे लगाने का आग्रह किया गया है। स्वास्थ्य विभाग और मेडिकल कॉलेज को भी इस अभियान से जोड़ा गया है। योजना के तहत अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को दवा देने के साथ-साथ “एक पेड़ मां के नाम” लगाने का संदेश दिया जाएगा, ताकि पौधरोपण का दायरा समाज के हर वर्ग तक पहुंचे।









