दिल्ली से फिटनेस सर्टीफिकेट लेकर जींद जंक्शन पहुंची हाईड्रोजन ट्रेन
जींद, 14 जुलाई । दिल्ली के शकूरबस्ती में मरम्मत के 10 दिन बाद हाइड्रोजन ट्रेन मंगलवार को जींद जंक्शन पर पहुंच गई। जैसे ही हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा को पता चला कि जंक्शन पर दस दिन बाद हाइड्रोजन ट्रेन आ रही है तो वो भी तुरंत वहां पहुंच गए। बाकायदा उन्होंने हाइड्रोजन ट्रेन के इंजन में चढ़ कर चालक से बातचीत की।
गौरतलब है कि 17 जुलाई को हाइड्रोजन ट्रेन का उद्घाटन होगा, जो जींद से सोनीपत रूट पर चलाई जाएगी। ट्रेन में प्रधानमंत्री के साथ 200 विद्यार्थी भी सफर करेंगे। हालांकि विद्यार्थियों को पांडू पिंडारा उतार दिया जाएगा। ट्रेन के शकूरबस्ती से आने के बाद उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर फूलों से भव्य तरीके से सजाया जाएगा। जींद से सोनीपत रूट पर चलने वाली हाइड्रेाजन ट्रेन की स्पीड 75 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी। हालांकि हाइड्रोजन ट्रेन 110 से 140 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से दौड़ सकती है। हालांकि पिछले दिनों ट्रेन का हाई स्पीड ट्रायल हुआ था। ट्रेन को अलग-अलग रूट पर 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से दौड़ा कर देखा गया था। जींद से रोहतक, जींद से किलाजफरगढ़, दिल्ली सब्जी मंडी, सोनीपत से दिल्ली, जींद से खरैंटी, बहादुरगढ़ व शकूरबस्ती के बीच हाई स्पीड ट्रायल हुए थे। वहीं हाइड्रोजन ट्रेन के उद्घाटन को लेकर रेलवे प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
मंगलवार को दिल्ली मंडल के अतिरिक्त मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) संजीव कुमार सिन्हा जींद रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने रेलवे स्टेशन परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया व संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक के दौरान एडीआरएम ने कहा कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए रेलवे की सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने स्टेशन परिसर की साफ.-सफाई, यात्री सुविधाएं, प्लेटफार्म व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, प्रवेश व निकास मार्ग, पार्किंग और वीआइपी मूवमेंट से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।









