meeting-of-the-mp-agro-board-of-directors

एमपी एग्रो की विकास गतिविधियों पर 504 करोड़ रुपये होंगे खर्च, संचालक मंडल ने बजट प्रस्ताव किया पारित

भोपाल, 17 जुलाई । द एम.पी. स्टेट एग्रो इंडस्ट्रीज़ डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन द्वारा वर्ष 2026-27 में निगम की विभिन्न विकास गतिविधियों पर 504 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। इस आशय का प्रस्ताव शुक्रवार को उद्यानिक एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री एवं निगम के अध्यक्ष नारायण सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता में एमपी एग्रो कार्यालय के सभागार में संचालक मंडल की 203वीं बैठक में पारित किया गया।

मंत्री कुशवाहा ने कहा कि निगम किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, गुणवत्तापूर्ण कृषि यंत्रों तथा सिंचाई सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ कृषि क्षेत्र में नवाचार और तकनीकी उन्नयन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत विकास योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कृषि को लाभकारी और टिकाऊ बनाने के लिए निगम की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा सभी विकास कार्य किसानों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर प्रभावी ढंग से संचालित किए जाएं।

प्रबंध संचालक एग्रो अरविंद दुबे ने बताया कि निगम द्वारा गत वित्तीय वर्ष की तुलना में इस वर्ष अधिक सकल लाभ कमाया है। उन्होंने कहा कि निगम द्वारा 2026 में 120 लाख लीटर बायो फर्टिलाइजर तैयार करने का लक्ष्य रखा है। बैठक में बाबई (नर्मदापुरम) कृषि फार्म से इंडस्ट्रियल एरिया के लिये रास्ता देने तथा जिस जमीन पर फलदार पौधे लगे हुए वह भूमि वापस प्राप्त करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। इसके साथ ही संविदा कर्मियों की सेवा वृद्धि करने तथा आगामी सामान्य सभा की बैठक 10 अगस्त 2026 को आयोजित करने का निर्णय भी लिया गया।

बैठक में संचालक मंडल की सदस्य सिम्मी गुर्जर, सचिव उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण जॉन किंग्सली, आयुक्त उद्यानिकी सौरव कुमार सुमन सहित अन्य सदस्य गण उपस्थित थे।