महिलाओं के खातों में 51 महीने का बकाया 51 हजार तुरंत डाले मान सरकार : केवल सिंह ढिल्लों
चंडीगढ़, 03 जुलाई । भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने मांग की कि पंजाब में आम आदमी पार्टी के शासन के 51 महीनों का कुल बकाया 51 हजार रुपये तुरंत महिलाओं के खातों में स्थानांतरित किया जाए।
प्रदेश मीडिया प्रमुख विनीत जोशी की उपस्थिति में ढिल्लों ने आम आदमी पार्टी के रवैये को पंजाब की महिलाओं के साथ ऐतिहासिक विश्वासघात करार दिया और कहा कि भगवंत मान ने अरविंद केजरीवाल की सहमति से महिलाओं को दो स्तरों पर धोखा दिया है। ढिल्लों ने कहा कि पार्टी ने झूठे दावों और प्रचार के माध्यम से लोगों को गुमराह करने की कला में महारत हासिल कर ली है।
ढिल्लों ने याद दिलाया कि मोगा रैली में केजरीवाल का वादा पंजाब की महिलाओं को गुमराह करने और झूठी गारंटियों के माध्यम से वोट हासिल करने का एक सुनियोजित प्रयास प्रतीत होता है।
ढिल्लों ने आगे कहा कि जब केजरीवाल से पूछा गया था कि इस योजना के लिए धन कहां से आएगा, तब उन्होंने दावा किया था कि पैसों की कोई कमी नहीं है और 20 हजार करोड़ रुपये के अवैध रेत खनन को रोककर इस योजना को वित्तपोषित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आप के सत्ता में आने के बाद अवैध खनन रुका नहीं, बल्कि कई गुना बढ़ गया है। केजरीवाल के अपने ही पैमाने पर यह भगवंत मान और आप नेताओं पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा पंजाब की महिलाओं के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगी, जब तक कि केजरीवाल की गारंटी अनुसार हर रुपया उनके बैंक खातों तक नहीं पहुंच जाता।









