बागबेड़ा के कुंवर सिंह मैदान रोड नंबर-3 के 50 घरों में शुरू हुई जलापूर्ति
पूर्वी सिंहभूम, 04 जुलाई । बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी जलापूर्ति योजना के तहत वर्षों से पेयजल संकट झेल रहे कुंवर सिंह मैदान रोड नंबर-3 के करीब 50 परिवारों को आखिरकार बड़ी राहत मिल गई है। लगभग 15 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद शनिवार से क्षेत्र में नियमित नल जलापूर्ति शुरू हो गई, जिससे स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।
क्षेत्र के पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने बताया कि डीएमएफटी मद से लगभग चार लाख रुपये की लागत से पाइपलाइन का इंटर कनेक्शन निर्माण कार्य पूरा कराया गया। इसके बाद शनिवार सुबह बेला की जलापूर्ति शुरू होते ही सभी घरों तक पर्याप्त दबाव के साथ पानी पहुंचा। लंबे समय से पानी की समस्या से जूझ रहे लोगों ने घरों में बाल्टी, ड्रम और अन्य बर्तनों में पानी संग्रह कर अपनी खुशी जाहिर की।
सुनील गुप्ता ने कहा कि इस योजना को धरातल पर उतारने के लिए उन्होंने कई वर्षों तक लगातार प्रयास किए। इस दौरान उन्होंने पोटका विधायक संजीव सरदार, उपायुक्त, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता, कनीय अभियंता तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी से कई बार मुलाकात कर समस्या के समाधान की मांग उठाई।
साथ ही पंचायत समिति की मासिक बैठकों में भी इस मुद्दे को लगातार प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि जलापूर्ति शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को वर्षों पुरानी परेशानी से स्थायी राहत मिली है। स्थानीय निवासियों ने इस पहल के लिए सुनील गुप्ता के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने लगातार संघर्ष कर इस समस्या का समाधान कराया, जिससे अब लोगों को नियमित पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।









