कार्य आवंटित होने के बाद भी काम शुरू नहीं करने वाले संवेदक होंगे डिबार : उपायुक्त
पलामू, 17 जुलाई । उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय तकनीकी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई ।
बैठक में झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड, भवन प्रमंडल, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, ग्रामीण कार्य विभाग कार्य प्रमंडल, एनआरईपी, सिंचाई प्रमंडल, लघु सिंचाई प्रमंडल, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल तथा जिला परिषद के अंतर्गत संचालित विभिन्न निर्माण और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गयी।
उपायुक्त ने कार्यों की स्थिति की जानकारी प्राप्त करते हुए धीमी प्रगति वाले कार्यों पर गंभीर असंतोष व्यक्त किया। कई विभागों की ओर से बारिश के कारण कार्य प्रभावित होने की बात कही गयी। डीसी ने संबंधित पदाधिकारियों को कार्यों में गति लाने और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में सभी तकनीकी पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर अधूरे कार्यों को पूर्ण करना सुनिश्चित करें। कार्यों में लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदार पदाधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जो संवेदक कार्य आवंटित होने के बाद भी कार्य शुरू नहीं किये हैं, उन्हें डिबार करने की कार्रवाई की जाये।
समीक्षा के दौरान विभिन्न विभागों की तरफ से भूमि उपलब्धता से जुड़ी अड़चनों को लेकर कार्य प्रारंभ नहीं होने का मामला प्रकाश में आया, इसपर उपायुक्त ने ऐसे सभी अभियंताओं से कहा कि जमीन से जुड़ी समस्या को लेकर पूरी रिपोर्ट के साथ सोमवार को सभागार में होने वाली जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में शामिल होना सुनिश्चित करें, ताकि संबंधित सीओ साथ बैठक कर ज़मीन से जुड़ी समस्या को समाप्त कर कार्य शुरू किया जा सके।
बैठक में सहायक समाहर्ता ऋत्विक मेहता सहित संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंता उपस्थित थे।









