jh-brahma-kumaris-launch-anti-drug-campaign

ब्रह्माकुमारी विवि ने किया नशा मुक्त प्रतिज्ञा अभियान का शुभारंभ

रांची, 12 जुलाई । प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के मेडिकल प्रभाग और भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को संचालित नशा मुक्त भारत अभियान हरमू रोड स्थित चौधरी बागान सेवा केंद्र में 10 करोड़ नशा मुक्त प्रतिज्ञा महाअभियान के साथ शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर गोविंदराम कटारुका विद्यालय की प्रधानाचार्या शिप्रा ने कहा कि युवाओं का उज्ज्वल भविष्य शिक्षा के साथ उत्तम संस्कार और स्वस्थ जीवनशैली पर निर्भर करता है। बढ़ती नशे की प्रवृत्ति समाज के लिए गंभीर चुनौती है, जिससे जनजागरूकता के माध्यम से ही प्रभावी ढंग से मुकाबला किया जा सकता है।

जवाहर नवोदय विद्यालय के उपप्रधानाचार्य प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि आज नशा युवाओं को गुलाम बना रहा है। इससे मुक्ति के लिए मानसिक जागरूकता आवश्यक है।

इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्रह्माकुमारी निर्मला बहन ने बताया कि अभियान के तहत देश के 372 जिलों में स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से 10 करोड़ लोगों को नशामुक्ति का संकल्प दिलाने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि राजयोग मेडिटेशन नशे की लत से बाहर निकलने में सहायक है। शिक्षकों ने भी राजयोग को मानसिक मजबूती का प्रभावी माध्यम बताया। नशे के दुष्प्रभावों पर नाट्य मंचन किया गया तथा आगामी जनजागरूकता गतिविधियों की रूपरेखा पर बैठक भी हुई। इस अवसर पर कई गणमान्य मौजूद थे।