रोहड़ू में 103 पेटी अवैध शराब बरामद, तीन गिरफ्तार
शिमला, 19 जुलाई । शिमला जिले के रोहड़ू में पुलिस ने एक वाहन से 103 पेटी अवैध शराब बरामद कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब में विभिन्न ब्रांडों की अंग्रेजी और देशी शराब शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 17 जुलाई को रोहड़ू थाना की टीम नाकाबंदी, वाहन जांच और गश्त पर थी। इसी दौरान एक वाहन को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से विभिन्न ब्रांडों की अंग्रेजी और देशी शराब की कुल 103 पेटियां बरामद हुईं।
मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 25 वर्षीय राजू, 50 वर्षीय प्रेम बहादुर कार्की और 29 वर्षीय यज्ञ बहादुर कार्की के रूप में हुई है। तीनों मूल रूप से नेपाल के रहने वाले हैं और वर्तमान में रोहड़ू क्षेत्र में रह रहे थे।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी बरामद शराब के परिवहन से जुड़े कोई वैध परमिट, लाइसेंस या अन्य अधिकृत दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि मामले की जांच जारी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि बरामद शराब कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।









