श्रमिकों के बच्चों के लिए वरदान बनी अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना
सुकमा, 28 जुलाई । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा संचालित अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना आर्थिक रूप से कमजोर और सीमित आय वाले श्रमिक परिवारों के बच्चों के लिए एक बड़ा वरदान साबित हो रही है। श्रम विभाग में संचालित इस योजना का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से श्रमिकों के बच्चों को निजी शिक्षण संस्थानों में नि:शुल्क शिक्षा प्राप्त करने का एक सुनहरा अवसर मिल रहा है, जो उनके भविष्य को संवारने में मील का पत्थर साबित हो रहा है।
प्रशासन की इस जनहितैषी योजना का एक जीवंत उदाहरण सुकमा के जिला चिकित्सालय में सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत रमेश यादव का परिवार है। अपने छह सदस्यीय परिवार की आजीविका चलाने वाले रमेश के लिए सीमित आय में बच्चों को उच्च स्तरीय शिक्षा दिलाना एक बड़ी चुनौती थी। लेकिन श्रम विभाग की इस योजना ने उनकी इस चिंता को दूर कर दिया। आज योजना के अंतर्गत उनके पुत्र शिव कुमार को रायगढ़ के एक प्रतिष्ठित निजी शिक्षण संस्थान में कक्षा 7वीं में नि:शुल्क और बेहतर शिक्षा मिल रही है, जिससे परिवार पर से पढ़ाई का भारी आर्थिक बोझ पूरी तरह समाप्त हो गया है।
इस कल्याणकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का सहृदय आभार व्यक्त करते हुए रमेश यादव ने कहा कि यह योजना गरीब परिवारों के सपनों को पंख दे रही है। अब उन्हें अपने बेटे के उज्ज्वल भविष्य की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने जिला प्रशासन और राज्य सरकार की संवेदनशीलता की सराहना करते हुए अन्य सभी पात्र श्रमिक परिवारों से भी अपील की है कि वे आगे आएं और शासन की इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ उठाकर अपने बच्चों को एक बेहतर और समृद्ध कल की ओर अग्रसर करें।









