aghoshit-bijali-katouti-se-foo

राजगढ़: अघोषित बिजली कटौती पर ग्रामीणों में नाराजगी, प्रशासन के आश्वासन के बाद फिलहाल टला आंदोलन

राजगढ़, 28 जुलाई । मध्‍य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा क्षेत्र के निवानिया गांव में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश मंगलवार को सामने आ गया। बिजली आपूर्ति में सुधार की मांग को लेकर ग्रामीण आंदोलन की तैयारी में थे, लेकिन प्रशासन और विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों के आश्वासन के बाद फिलहाल विरोध कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में व्यवस्था नहीं सुधरी तो वे दोबारा आंदोलन करेंगे।

ग्रामीणों के विरोध की सूचना मिलते ही एसडीओपी प्रकाश शर्मा, सिटी थाना प्रभारी शिवराज सिंह चौहान, तहसीलदार, पटवारी तथा विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी गांव पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया।

बैठक में ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई दिनों से बिना किसी पूर्व सूचना के बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। उनका कहना था कि विद्युत वितरण कंपनी इसे लोड प्रबंधन की प्रक्रिया बता रही है, लेकिन इसका सीधा असर आमजन के दैनिक जीवन पर पड़ रहा है। लगातार बिजली गुल रहने से घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है, छोटे कारोबारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

ग्रामीणों ने अधिकारियों से अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाने और नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो गांव स्तर पर व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।

विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि अगले चार से पांच दिनों के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार के प्रयास किए जाएंगे। इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने फिलहाल आंदोलन स्थगित कर दिया। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि तय अवधि में स्थिति नहीं सुधरने पर वे फिर से आंदोलन शुरू करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।