बलरामपुर : सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर कलेक्टर सख्त, स्कूल बसों की होगी विशेष जांच
बलरामपुर, 09 जून ।मंगलवार को जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने की। इस दौरान सड़क सुरक्षा, स्कूल बसों की फिटनेस, घुमंतू पशुओं की समस्या तथा यातायात नियमों के पालन को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर, वनमंडलाधिकारी आलोक वाजपेयी, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी, जिला परिवहन अधिकारी यशवंत यादव, यातायात प्रभारी विमलेश देवांगन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने जिला परिवहन अधिकारी और यातायात विभाग को जिले में संचालित सभी स्कूल बसों का विशेष फिटनेस परीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बसों में सुरक्षा मानकों, सीसीटीवी कैमरे तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की अनिवार्य रूप से जांच की जाए। साथ ही यात्री बसों के चालकों के वैध ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन फिटनेस, बीमा एवं अन्य दस्तावेजों की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परमिट शर्तों का उल्लंघन करने वाले तथा यातायात नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही अंतरराज्यीय जांच नाकों पर भी वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि नियमों का पालन प्रभावी ढंग से हो सके।
बैठक में घुमंतू पशुओं की समस्या पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने कहा कि सड़कों पर पशुओं की उपस्थिति से दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है, इसलिए पशु विभाग और नगर निकाय आपसी समन्वय से ऐसे पशुओं को सड़कों से हटाने की कार्रवाई करें।
पुलिस अधीक्षक ने बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों, अवैध रूप से सवारी ढोने वाले मालवाहक वाहनों तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके साथ ही आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि बारिश के दौरान आवागमन बाधित न हो, इसके लिए सभी पैच मरम्मत एवं सुधार कार्य समय पर पूर्ण किए जाएं। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए।









