आठ साल से फरार उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार
शिमला, 26 जून । शिमला पुलिस ने फरार और उद्घोषित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने वर्ष 2015 से जुड़े एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार वीरवार को पीओ डिटेक्शन सेल उपमंडल रोहड़ू की टीम ने दलीप सिंह ठाकुर (57) को रोहड़ू बाजार क्षेत्र से गिरफ्तार किया। दलीप सिंह ठाकुर रोहडू के कंसाकोटी का निवासी है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 2015 का एक मामला न्यायालय में विचाराधीन था। यह मामला लगभग 90 हजार रुपये की राशि से संबंधित था और एनआई एक्ट के तहत दर्ज किया गया था। मामले की सुनवाई के दौरान आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था।
न्यायालय के 7 सितंबर 2018 के आदेश के अनुपालन में आरोपी को उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
पुलिस ने अभियान के दौरान आरोपी का पता लगाकर उसे रोहड़ू बाजार क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (जेएमएफसी), जुब्बल के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।









