on-completion-of-the-45-day-na

मंदसौरः 45 दिवस की नव्वाणु यात्रा पूर्ण होने पर 35 तपस्वियों का निकला विशाल चल समारोह

मंदसौर, 21 जून । मध्य प्रदेश के मंदसौर में श्री सहस्त्रफणा पार्श्वनाथ श्वेतांबर जैन मंदिर (आराधना भवन जैन श्री संघ) नई आबादी एवं नवरत्न परिवार के तत्वावधान में रविवार को नव्वाणु यात्रा की पूणार्हुति निमित्त तपस्वियों का बहुमान कार्यक्रम संजय गांधी उद्यान में आयोजित किया गया।

45 दिवस की श्री शत्रुंजय तीर्थ की 99 बार परिक्रमा करने वाले 35 तपस्वियों का श्रीसंघ के तत्वावधान आयोजित कार्यक्रम में शाल, श्रीफल, तिलक, माला से बहुमान किया गया। इसके पूर्व श्री शंखेश्वर पार्श्वनाथ श्वेतांबर जैन मंदिर नई आबादी से श्रीसंघ का भव्य वरघोड़ा (जुलूस) निकाला गया। बैण्ड बाजे के साथ निकले इस चल समारोह में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। तपस्वियों को बग्गी पर बिठाकर उनकी भव्य प्रभावना निकाली गयी जो कि गुरु द्वारा रोड, महू-नीमच रोड, सरदार पटेल चौराहा, गोल चौराहा, पुरानी कृषि उपज मण्डी के सामने, महू-नीमच रोड होते हुए संजय गांधी उद्यान पहुँची।

यहाँ साध्वी श्री अनंतगुणा श्रीजी म.सा. की शिष्या साध्वी श्री सुप्रसन्ना श्रीजी म.सा., श्री आत्मप्रसन्ना श्रीजी म.सा., श्री परमप्रसन्ना श्रीजी म.सा., श्री रितिप्रसन्ना श्रीजी म.सा., श्री सत्वयप्रसन्ना श्रीजी म.सा. की सहजमप्रसन्ना श्रीजी म.सा., श्री हेमप्रज्ञाश्रीजी म.सा. की शिष्या श्री हर्षितपूर्णा श्रीजी म.सा., श्री योगप्रज्ञाजी म.सा. आदि ठाणा 8 के पावन निश्रा में विशाल धर्मसभा (प्रवचन) का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में अतिथि के रूप में शामिल हुईं नपाध्यक्ष रमादेवी बंशीलाल गुर्जर ने सभी तपस्वियों का बहुमान किया जिसके पश्वात अतिथिगणों एवं श्रीसंघ से जुड़े परिवारों का स्वामीवात्सल्य का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगीतकार अरूण जैन ने अपनी प्रस्तुति भी दी। इस अवसर पर सकल जैन समाज के पदाधिकारियों ने भी सभी तपस्वियों का बहुमान किया।