jh-new-bus-stand-started-in-khunti

खूंटी में नवनिर्मित आधुनिक बस स्टैंड से बसों का संचालन शुरू

खूंटी, 25 जून । खूंटी जिले की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए खूंटी के नामकोम स्थित नवनिर्मित आधुनिक बस स्टैंड का संचालन गुरुवार से शुरू कर दिया है।

उपायुक्त मो जावेद हुसैन के निर्देश पर शुरू किए गए इस बस स्टैंड से अब विभिन्न रूटों पर चलने वाली सभी बसों का परिचालन किया जाएगा।

जिला प्रशासन के अनुसार, नए बस स्टैंड के संचालन से खूंटी सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही शहर की परिवहन व्यवस्था को भी अधिक व्यवस्थित और सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी।

प्रशासन ने सभी बस मालिकों और चालकों को निर्देश दिया है कि वे अपनी बसों का संचालन केवल नामकोम स्थित आधुनिक बस स्टैंड से करें। यात्रियों के चढ़ने-उतरने और बसों के ठहराव की व्यवस्था भी बस स्टैंड परिसर के भीतर ही सुनिश्चित की जाएगी।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर की मुख्य सड़कों पर बसों को खड़ा करने या यात्रियों को चढ़ाने-उतारने की अनुमति नहीं होगी। यदि कोई बस संचालक या चालक यातायात व्यवस्था को बाधित करता है या सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और नियमानुसार जुर्माना भी लगाया जाएगा।

नवनिर्मित आधुनिक बस स्टैंड के संचालन शरु होने के अवसर पर नगर पंचायत खूंटी की अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, वार्ड पार्षदगण, अनुमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्त्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत, थाना प्रभारी, बस ऑनर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधि एवं नगर पंचायत के कर्मी उपस्थित थे।

वहीं जिला प्रशासन ने आम नागरिकों, बस संचालकों एवं वाहन चालकों से नई व्यवस्था का पालन करने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारू बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।