शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव संपन्न, भूमि दानकर्ता दंपती सम्मानित
हजारीबाग, 18 जून । मटवारी स्थित कुम्हार टोली दुर्गा स्थान में मंदिर निर्माण समिति सनातन मंडल की ओर से आयोजित पांचदिवसीय शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव सह शिव पुराण कथा का समापन पूर्णाहुति, नगर भ्रमण, भव्य भंडारा एवं सम्मान समारोह के साथ गुरुवार को संपन्न हुआ।
समारोह में शिव परिवार मंदिर निर्माण के लिए भूमि दान करने वाले समाजसेवी टिकाधर प्रजापति और उनकी धर्मपत्नी विजवा देवी को फूल-माला, शॉल और चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। दंपती ने कहा कि उनकी भूमि पर भगवान शिव का मंदिर स्थापित होना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
समिति के सदस्यों ने बताया कि भूमि दान के कारण एक ही परिसर में शिवालय, दुर्गा मंदिर और हनुमान मंदिर की स्थापना संभव हो सकी। इससे श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में सुविधा मिलेगी। टिकाधर प्रजापति के पुत्र आनंद कुमार सहित महेंद्र प्रजापति, रवि कुमार, गोपी प्रजापति, डॉ जितेंद्र प्रसाद, मीना देवी, प्रीति देवी, नीलम देवी, वीणा प्रसाद, स्मिता कुमारी सहित अन्य ने कहा कि यह मंदिर क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा।
मौके पर मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष दुर्गेश प्रजापति, सचिव कुलेश्वर कुमार पंडित, कोषाध्यक्ष जितेंद्र कुमार, संरक्षक किशोर प्रजापति, महेश ठाकुर, शिबन प्रजापति सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना रहा।









