सिरसा: भाई-बहन घर में चला रहा थे नशीली दवाइयों की बिक्री का धंधा, युवती गिरफ्तार
सिरसा, 09 मई । पुलिस ने जिले के उपमंडल ऐलनाबाद क्षेत्र में एक मकान में छापामार कर एक युवती को बड़ी मात्रा में नशीली गोलियां व कैप्सूल सहित गिरफ्तार किया है। एसपी दीपक सहारण ने शनिवार को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गांव भुर्टवाला में सगे भाई-बहन अपने घर में अवैध रूप से नशीली दवाइयों की बिक्री का धंधा कर रहे हैं।
सूचना मिलने पर एंटी नारकोटिक्स सेल एवं ड्रग कंट्रोल विभाग की संयुक्त टीम का गठन किया गया और गांव भुर्टवाला स्थित एक मकान पर दबिश दी गई। पुलिस टीम को देखकर आरोपी युवक मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने एक युवती को काबू कर लिया। ं तलाशी के दौरान घर से 6900 नशीले कैप्सूल व गोलियां बरामद हुई। बरामद नशीली गोलियों को आगामी कार्रवाई हेतु ड्रग कंट्रोल विभाग के अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया गया है।
एसपी दीपक सहारन ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं तथा मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने मेडिकल स्टोर संचालकों को भी सख्त हिदायत दी कि वे बिना चिकित्सकीय पर्ची के किसी भी प्रकार की नशीली दवाइयों की बिक्री न करें और नशा विरोधी अभियान में पुलिस का सहयोग करें। सिरसा पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशीले पदार्थों या मेडिकल नशे की बिक्री करता है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।









