prabhari-mantri-kasyap-ne-ki-s

राजगढ़ः गेहूं उपार्जन कार्य की प्रगति की प्रभारी मंत्री कश्यप ने की समीक्षा

राजगढ़, 09 मई । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में चल रहे गेहूं उपार्जन कार्यों को सुचारू और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य कश्यप ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विस्तृत समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए खरीदी केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ पूरी तत्परता से सुनिश्चित की जाएँ। मंत्री श्री कश्यप ने परिवहन व्यवस्था को और अधिक गति देने तथा उपार्जित गेहूं के समय पर उठाव पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि खरीदी केंद्रों पर देरी नहीं होनी चाहिए, क्योंकि इसका सीधा प्रभाव किसानों की सुविधा पर पड़ता है।

प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि एसडीएम स्तर पर प्रतिदिन 50 स्लॉट परिवर्तन की सुविधा की जानकारी किसानों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान इसका लाभ उठा सकें। साथ ही खरीदी केंद्रों पर छाया, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी उन्होंने जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन वेयरहाउसों की क्षमता पूर्ण हो चुकी है, वहां संग्रहित गेहूं को अन्य स्थानों पर शीघ्र शिफ्ट किया जाए, ताकि नए स्थानों पर खरीदी कार्य निर्बाध रूप से जारी रह सके। प्रशासन को किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में राज्यमंत्री गौतम टेटवाल, सांसद रोडमल नागर, विधायक मोहन शर्मा, हजारीलाल दांगी, भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले सहित जिला उपार्जन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।