jh-mensttruation-is-natural-process-

माहवारी एक प्राकृतिक प्रक्रिया, इसे लेकर न हो संकोच : स्मिता

खूंटी, 29 मई । कर्रा प्रखंड सभागार में शुक्रवार को द हंस फाउंडेशन के तत्वावधान में विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रखंड विकास पदाधिकारी स्मिता नगेशिया ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर ग्रामीण किशोरियों ने रंगोली, नृत्य, चित्रकला और निबंध प्रतियोगिता के माध्यम से माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने का संदेश दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीडीओ स्मिता नगेशिया ने कहा कि माहवारी एक प्राकृतिक प्रक्रिया है, इसे लेकर किसी प्रकार की शर्म या संकोच नहीं होना चाहिए।

उन्होंने सरकार के चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो अभियान पर जोर देते हुए किशोरियों से माहवारी के दौरान स्वच्छता अपनाने,पौष्टिक आहार लेने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही महिलाओं और किशोरियों को स्वस्थ और आत्मनिर्भर बना सकती है।

इस अवसर पर मुख्य योजना पर्यवेक्षक प्रतिभा तिर्की, स्वस्थ और पोषण विशेषज्ञ सावन कुमार, कृष्ण मोहन मिश्रा, अभिजित रंजन सहित सामुदायिक संसाधन व्यक्ति, जल और स्वास्थ्य सहिया एवं बड़ी संख्या में किशोरियों एवं महिलाएं मौजूद थीं।