किराना व्यापारी से छिनैती की वारदात करने वाले बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, हथियार नगदी और बाइक बरामद
इटावा, 05मई। उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद में थाना भरथना पुलिस ने मुठभेड़ में छीनैती और लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश घायल हुआ जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। गिरफ्तार बदमाशों के पास से दो अवैध तमंचे, चार खोखा व 6 जिंदा कारतूस, 53700 रुपए की नगदी और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि थाना भरथना क्षेत्र के अंतर्गत बीते 24 अप्रैल को एक किराना व्यापारी के साथ छिनैती की वारदात हुई थी घटना के बाद पुलिस टीम लगातार घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों की तलाश में जुटी थी इसी क्रम में बीती देर रात थाना पुलिस घसारा तिराहा के पास वाहन चेकिंग कर रही थी चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल संदिग्ध व्यक्तियों को देखकर उन्हें रोकने का प्रयास किया गया लेकिन बाइक सवार बदमाशों ने जान से मारने की नियत से पुलिस टीम पर फायरिंग करना शुरू कर दिया। आत्मरक्षा में जवाबी कार्यवाही करते हुए पुलिस ने भी फायरिंग करना शुरू कर दी और बदमाशों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। उक्त जवाबी कार्यवाही के दौरान बदमाश विश्वनाथ उर्फ बीपी पुत्र घनश्याम राजपूत निवासी ग्राम कुमरहान थाना इकदिल इटावा के दाहिने पैर में गोली लगी जिसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया और दूसरे साथी ऋतिक कुमार पुत्र सत्येंद्र उर्फ डैनी को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों के पास से पुलिस ने दो अवैध तमंचे, चार खोखा व 6 जिंदा कारतूस, 53700 रुपए की नगदी और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार बदमाश विश्वनाथ उर्फ बीपी के खिलाफ कुल 17 मुकदमे लूट/चोरी और ऋतिक के खिलाफ कुल पांच मुकदमे पंजीकृत है। गिरफ्तार बदमाशों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जा रही है।









