आमजन की सुरक्षा हेतु सुकमा कोतवाली क्षेत्र में डायल 112 सेवा प्रारम्भ
सुकमा, 09 मई । जिले के पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण द्वारा शनिवार काे आमजन को त्वरित एवं प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए थाना कोतवाली सुकमा क्षेत्र अंतर्गत डायल 112 आपातकालीन सेवा प्रारम्भ कर दी गई है। इस सेवा के प्रारम्भ होने से नागरिकों को किसी भी आपात स्थिति में शीघ्र पुलिस सहायता उपलब्ध हो सकेगी।
डायल 112 सेवा के माध्यम से सड़क दुर्घटना, मारपीट, विवाद, संदिग्ध गतिविधि, महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित अपराध, आपातकालीन सहायता तथा कानून व्यवस्था से जुड़ी अन्य घटनाओं में तत्काल पुलिस प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।
इससे पुलिस एवं आमजन के मध्य समन्वय और अधिक सशक्त होगा तथा घटनाओं पर त्वरित नियंत्रण स्थापित करने में सहायता मिलेगी। जिला पुलिस द्वारा बताया गया कि आगामी समय में इस सुविधा का विस्तार अन्य महत्वपूर्ण थाना क्षेत्रों में भी किया जाएगा, जिससे जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में निवासरत नागरिकों को भी त्वरित पुलिस सहायता का लाभ प्राप्त हो सके। जिला सुकमा पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में बिना संकोच डायल 112 सेवा का उपयोग करें तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।









