जिस कंपनी से फूटी थी श्रमिक आंदोलन की चिंगारी, वहां पहुंची डीएम, महिला श्रमिकों से की बात
नोएडा, 15 अप्रैल । जनपद गौतमबुद्ध नगर की जिलाधिकारी ने बुधवार को नोएडा सेक्टर-84 स्थित रिचाको एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रमिकों से सीधे संवाद कर उनकी कार्य परिस्थितियों एवं अन्य आवश्यकताओं की विस्तार से जानकारी ली।
जिला सूचना निदेशक सुनील कुमार कनौजिया ने बताया कि जिलाधिकारी मेधा रुपम ने बुधवार को नोएडा सेक्टर-84 स्थित रिचाको एक्सपोर्ट्स
पहुंचीं और फैक्ट्री परिसर में श्रमिकों से बात की। उन्हाेंने उत्तर प्रदेश शासन के श्रमिक हितों में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों, विशेष रूप से हाल ही में की गई वेतन वृद्धि, बोनस, कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य कल्याणकारी नीतियों के संबंध में विस्तारपूर्वक अवगत कराया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन का उद्देश्य श्रमिकों के जीवन स्तर में सुधार लाना एवं उन्हें बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराना है।
जिलाधिकारी रुपम ने कंपनी प्रबंधन को भी शासन की निर्धारित गाइडलाइंस का पूर्ण अनुपालन करने के लिए कहा और श्रमिकों की सुविधाओं एवं सुरक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की लापरवाही न करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कंपनी की महिला श्रमिकों से भी संवाद किया और उनकी कार्यस्थल संबंधी समस्याओं, सुरक्षा एवं सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। डीएम ने आश्वस्त किया कि महिला श्रमिकों की सुरक्षा एवं सम्मान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस दिशा में सभी आवश्यक कदम लगातार उठाए जा रहे हैं। श्रमिकों ने राज्य सरकार की वेतन वृद्धि एवं कल्याणकारी निर्णयों पर प्रसन्नता व्यक्त की और सरकार का आभार प्रकट किया। उल्लेखनीय है कि इसी रिचाको कंपनी से ही श्रमिक आंदोलन की चिंगारी फूटी थी।









