फतेहाबाद : डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 13 लाख की ठगी का मामला, एक ओर युवक गिरफ्तार
फतेहाबाद, 05 मार्च । डिजिटल अरेस्ट के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद पुलिस ने एक अन्य आरोपी को काबू किया है। इससे पहले इसी मामले में तीन आरोपी पहले ही काबू किए जा चुके हैं। थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक राहुल देव ने गुरूवार को बताया कि साइबर पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता लेखराज पुत्र राम चन्द निवासी ओल्ड पीएनबी वाली गली, भूना ने अपनी शिकायत में बताया कि अज्ञात व्यक्तियों ने स्वयं को मुंबई साइबर सेल का अधिकारी बताकर उसे डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाया तथा आरबीआई व ईडी द्वारा खाते की जांच का बहाना बनाकर अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा करवाने के लिए कहा। डर के कारण शिकायतकर्ता ने आरोपियों द्वारा बताए गए खातों में कुल 13 लाख 5 हजार की राशि ट्रांसफर कर दी। इस पर पुलिस ने 17 नवंबर 2025 को धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज किया था। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण व बैंक ट्रांजैक्शन के आधार पर आरोपी की पहचान सुशील शर्मा निवासी मोहल्ला वेस्ट रठिया, अछनेरा जिला आगरा, यूपी के रूप में की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू कर लिया है।









