बलरामपुर : ग्रामीण अंचलों में पहुंची पशु चिकित्सा टीम, पशुधन को मिला समय पर उपचार
बलरामपुर, 18 फ़रवरी । जिले में पशुपालकों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पशु चिकित्सा विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित भ्रमण अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर राजेंद्र कटारा के मार्गदर्शन में संचालित इस पहल के तहत दूरस्थ गांवों में पहुंचकर पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार और टीकाकरण किया जा रहा है, जिससे पशुधन स्वस्थ रह सके और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके।
इसी क्रम में आज बुधवार को विकासखंड रामचंद्रपुर के ग्राम देवीगंज, पिपरोल और जामवंतपुर, विकासखंड बलरामपुर के पुटसुरा, जरहाडीह और महाराजगंज तथा विकासखंड कुसमी के बाटा, जलजली और पोखर में विभागीय टीम ने भ्रमण किया। टीम ने घर-घर जाकर पशुओं की स्थिति का अवलोकन किया और सामान्य व मौसमी रोगों से ग्रसित पशुओं का तत्काल उपचार किया। आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं तथा रोगों की रोकथाम, संतुलित आहार और स्वच्छता संबंधी विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।
पशुपालकों को समय पर टीकाकरण कराने और पशुओं के रख-रखाव में स्वच्छता बनाए रखने की सलाह भी दी गई। विभागीय अमले ने बताया कि नियमित जांच और प्रारंभिक उपचार से गंभीर बीमारियों की आशंका कम होती है तथा उत्पादन क्षमता में वृद्धि होती है।
भ्रमण के दौरान किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड योजना की जानकारी भी दी गई। पशुपालन के लिए केसीसी के माध्यम से ऋण सुविधा उपलब्ध होने, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और पात्रता संबंधी जानकारी विस्तार से समझाई गई। साथ ही विभाग की अन्य योजनाओं का लाभ लेने के लिए ग्रामीणों को प्रोत्साहित किया गया, ताकि कोई भी पशुपालक जानकारी के अभाव में वंचित न रहे।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए बताया कि पहले छोटी बीमारियों के उपचार के लिए भी पशुओं को दूर ले जाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती थी। अब गांव में ही चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होने से उन्हें बड़ी राहत मिली है।
पशु चिकित्सा विभाग का यह अभियान न केवल पशुधन की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहा है, बल्कि ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।









