kangra-dose-vitamin-children

कांगड़ा में 23 फरवरी को पात्र बच्चों को दी जाएगी कृमिनाशक दवा और विटामिन ए की खुराक

धर्मशाला, 18 फ़रवरी । अतिरिक्त उपायुक्त ने कांगड़ा विनय कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर 23 फरवरी को 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को कृमिनाशक दवा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इस दिन स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से जहां कृमि नाशक दवा दी जाएगी, वहीं 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन-ए की खुराक भी प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि शिक्षा एवं जीवन की गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए प्रत्येक बच्चे को इस अभियान के तहत कवर किया जाए।

इसी कड़ी में बुधवार को अतिरिक्त उपायुक्त कांगड़ा विनय कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. विवेक करोल, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. आर.के. सूद, जिला पंचायत अधिकारी सचिन ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. विवेक करोल ने बताया कि विटामिन-ए की खुराक 5 वर्ष तक के बच्चों को आंखों की बीमारियों से बचाव के लिए दी जाती है, जबकि अल्बेंडाजोल की खुराक 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को दी जाती है। उन्होंने बताया कि जो बच्चे 23 फरवरी को दवा की खुराक नहीं ले पाएंगे, वे ‘माप-अप डे’ 28 फरवरी को दवा ले सकते हैं। उस दिन छूटे हुए बच्चों को अल्बेंडाजोल की खुराक भी दी जाएगी।