जैसलमेर में स्कूल का गेट गिरने से एक बच्चे की मौत, दो लोग घायल

यह स्कूल जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी के पैतृक गांव में स्थित है। आज दोपहर छुटी के समय राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय पूनमनगर का प्रवेशद्वार अचानक ढह गया। उस समय स्कूल में पढ़ने वाली एक छात्रा को लेने के लिए उसका भाई अरबाज खान (आयु 7 वर्ष) आया था, तभी हादसा होने से उसकी मौत हो गई। इसके अलावा शिक्षक अशोक कुमार सोनी (आयु 40 वर्ष) एवं एक अन्य छात्रा प्रिया (आयु 5 वर्ष) घायल हो गई। दोनों को तुरन्त प्राथमिक उपचार के लिए चिकित्सालय भिजवाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की टीम, उपखंड अधिकारी, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे एवं स्थिति का जायजा लिया। हादसे की सूचना पर विधायक छोटू सिंह भाटी, तहसीलदार महावीर प्रसाद, और एसडीएम सक्षम गोयल मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाइश देने की कोशिश की। सूचना मिलने पर रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजन मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

पूनमनगर सीएचसी की नर्सिंग अधिकारी आकांक्षा चौहान ने बताया कि स्कूल गेट का पिलर गिरने से एक बच्चे की मौत हो गई है। एक अन्य को मामूली चोटें आई हैं, जबकि एक शिक्षक को सिर में गंभीर चोट (हेड इंजरी) और पैर में फ्रैक्चर हुआ है। घायल शिक्षक को प्राथमिक उपचार के बाद जैसलमेर के जवाहिर अस्पताल रेफर किया गया है।

जिला कलेक्टर प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम विकास अधिकारी को सस्पेंड करने के निर्देश दिए एवं उन्होंने कहा कि इस जांच में अगर कोई दोषी पाया जाता है, तो सम्बन्धित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि जिले के समस्त सरकारी विद्यालयों में भवनों की संरचनात्मक सुरक्षा की तत्काल समीक्षा की जाए एवं जहां भी मरम्मत या पुनर्निर्माण की आवश्यकता हो, वहां प्राथमिकता से कार्य करवाया जाए। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन भी दिया है।

इससे पहले झालावाड़ जिले में स्कूल भवन का एक हिस्सा ढ़ह गया था। इस हादसे में सात 7 बच्चों की मौत हो गई थी, जबकि हादसे में 21 बच्चे घायल हो गए थे।