uk-ganga-warning-level

हरिद्वार में गंगा चेतावनी स्तर पर पहुंची, प्रशासन अलर्ट

हरिद्वार, 28 जुलाई । राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही लगातार बारिश और श्रीनगर डैम से पानी छोड़े जाने के कारण हरिद्वार में गंगा चेतावनी स्तर के करीब पहुंच गई है। बरसात के वर्तमान मौसम में हरिद्वार के भीमगोड़ा बैराज पर मंगलवार सुबह 11 बजे गंगा का जलस्तर पहली बार 292.90 मीटर दर्ज किया गया जो चेतावनी निशान 293 मीटर से केवल 0.10 मीटर नीचे है। हरिद्वार में गंगा का खतरे का निशान 294 मीटर पर है। हरिद्वार में सीजन में यह अब तक का सबसे अधिक जलस्तर है।

उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के एसडीओ (बैराज) भारत भूषण शर्मा ने बताया कि जलस्तर बढ़ने के कारण बैराज पर अतिरिक्त गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है। इससे नदी का बहाव तेज हो गया है और निचले तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि तटबंधों की निगरानी बढ़ दी गयी है और गंगा की अपस्ट्रीम तथा डाउनस्ट्रीम में जल प्रवाह पूरी नजर रखी जा रही है। कंट्रोल रूम से जिला प्रशासन को लगातार गंगा में जलप्रवाह के स्तर की सूचना दी जा रही है। उत्तर प्रदेश में गंगा प्रवाह वाले जनपदों को अलर्ट रहने कीसूचना भेज दी गई।

डीएम मयूर दीक्षित ने सभी विभागीय अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जलभराव और कटाव वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए। किसी भी आपदा की सूचना पर तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू किए जाएं।