फतेहाबाद: सरकारी स्कूल के छात्र ने किया नीट का एक्जाम क्रैक,स्कूल में हुआ सम्मान

फतेहाबाद: सरकारी स्कूल के छात्र ने किया नीट का एक्जाम क्रैक,स्कूल में हुआ सम्मान

फतेहाबाद, 7 जुलाई (हि.स.)। सरकारी स्कूल भूथनकलां के छात्र अक्षय कुमार ने देशभर के सरकारी मेडिकल कॉलेजाें में एडमिशन के लिए आयोजित की जाने वाली नीट की परीक्षा में सफलता हासिल की है। इसके अलावा निशा कुमारी ने राष्ट्रीय बैंकिंग परीक्षा में सफलता हासिल कर कर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में क्लर्क के पद पर चयन हुआ है। इन दोनों ही सफल छात्रों ने किसी भी प्राइवेट कोचिंग संस्थान से पढ़ाई नहीं की थी। यह सब संभव हो पाया है इस गांव के ग्रामीणों और बुद्धिजीवियों के विचार और जुनून के चलते। इस खुशी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, भूथन कलां में सोमवार को सम्मान समारोह आयोजित किया गया जिसमें राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों अक्षय कुमार और निशा कुमारी को सम्मानित किया गया। बता दें कि अक्षय कुमार ने अपनी मैट्रिक तक की पढ़ाई सरकारी स्कूल भूथन कलां में ही पूरी की। उसके बाद 12वीं की परीक्षा मेडिकल स्ट्रीम के साथ नवोदय विद्यालय खारा खेड़ी से पास की। हाल ही में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा आयोजित नीट की परीक्षा अक्षय ने क्रैक की। डॉक्टर बनने की पढ़ाई के लिए आयोजित की जाने वाली नीट परीक्षा की तैयारी के बारे में अक्षय कुमार ने बताया कि उसने कोटा या सीकर जैसे महंगे प्राइवेट संस्थानों में कोचिंग नहीं ली। पहली कक्षा से 12वीं कक्षा की मेडिकल पढ़ाई तक सरकारी स्कूल में ही शिक्षा हासिल की। स्टेट बैंक में क्लर्क पद पर चयनित निशा कुमारी ने बताया कि उसने भी अपनी बारहवीं तक की पढ़ाई सरकारी स्कूल में और उसके बाद की पढ़ाई सरकारी कॉलेज से की है। निशा ने बताया कि हमारे सरकारी स्कूल किसी भी मायने में किसी प्राइवेट स्कूल से कम नहीं हैं। बस जरूरत है तो अभिभावकों को अपने बच्चों को सरकारी स्कूल में भेजने की है। स्कूल के प्राचार्य नरेश रंगा ने बताया की यह सब सफलताएं निश्चित रूप से अध्यापकों की मेहनत और विद्यार्थियों की लगन का परिणाम है। सम्मान समारोह में स्कूल अध्यापक सुरेंद्र बिश्नोई, कुलदीप काजला, मीनाक्षी, सरोजबाला, कविता देवी, राकेश, वीरेंद्र सिंगला, रितु बाला, नीरू बाला के साथ-साथ शिक्षा समिति से रिंकू देवी प्रधान, शैलेंद्र, रमेश, ममता उप प्रधान, कर्मवीर, कविता, व नौजवान सभा से पवन भूथन भी उपस्थित रहे।