हिमाचल की लविता ठाकुर ने रियलिटी शो की पेंटिंग प्रतियोगिता में लहराया परचम
हिमाचल की लविता ठाकुर ने रियलिटी शो की पेंटिंग प्रतियोगिता में लहराया परचम
ऊना, 22 जून (हि.स.)। टीवी रियलिटी शो ‘किसमें कितना है दम’ सीजन-11 में हिमाचल की बेटी लविता ठाकुर ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए नॉर्थ इंडिया स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है।
जिला ऊना के हरोली उपमंडल के गांव दुलेहड़ की रहने वाली लविता ठाकुर ने इस प्रतियोगिता में गुरु गोविंद सिंह जी की आकर्षक पेंटिंग बनाकर निर्णायकों का दिल जीत लिया। प्रतियोगिता में पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तर प्रदेश के प्रतिभागी शामिल थे, लेकिन लविता ने सभी को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान प्राप्त किया।
पंजाब के संगरूर में आयोजित सम्मान समारोह में लविता को प्रथम पुरस्कार के रूप में 5100 रुपये का चेक और स्मृतिचिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। वर्तमान में लविता राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दुलेहड़ में जमा दो (आर्ट्स संकाय) की छात्रा है।
लविता ने बताया कि उसने प्रतियोगिता के लिए पिछले वर्ष 16 से 18 आयु वर्ग में ऑडिशन दिया था। चयन होने के बाद उसने लगातार मेहनत की और अपनी कला का श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया।
भावुक पलों को साझा करते हुए लविता ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां दर्शना देवी और अध्यापकों को दिया। लविता के पिता का निधन तब हो गया था जब वह मात्र तीन वर्ष की थीं। उनकी मां मिड-डे मील वर्कर के रूप में कार्य करते हुए लविता और उसकी छोटी बहन का पालन-पोषण कर रही हैं।
—————









