फतेहाबाद : सरकार की वादाखिलाफी से हाथों में झाडू लेकर सडक़ों पर उतरे परिषद कर्मचारी

फतेहाबाद : सरकार की वादाखिलाफी से हाथों में झाडू लेकर सडक़ों पर उतरे परिषद कर्मचारी

फतेहाबाद, 13 मई (हि.स.)। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर नगरपरिषद फतेहाबाद के कर्मचारियों ने मंगलवार को अपनी मांगों और सरकार की वायदाखिलाफी को लेकर हाथों में झाडू लेकर शहर के मुख्य बाजारों में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान नगरपरिषद कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनकी लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। आज के प्रदर्शन की अध्यक्षता नगरपालिका कर्मचारी संघ के इकाई प्रधान विजय ढाका ने की और संचालन सचिव ओमप्रकाश लोट ने किया।प्रदर्शन से पूर्व नगरपरिषद कार्यालय में कर्मचारियों को संबोधित करते हुए विजय ढाका, ओम प्रकाश लोट और सत्यवान टॉक ने बताया कि सरकार नगरपालिका कर्मचारियों की मांगों को लेकर गंभीर नहीं है। कर्मचारियों से मानी गई मांगों को लागू नहीं किया जा रहा, जिससे कर्मचारियों में सरकार के खिलाफ लगातार रोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने मांग की कि 2024 के समझौते के अनुसार कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए। नए पद सृजित कर कर्मचारियों की भर्ती की जाए। इसके अलावा ठेका प्रथा समाप्त कर कर्मचारियों को पक्का किया जाए। विजय ढाका ने बताया कि अन्तोदय का नारा देनी वाली बीजेपी सरकार ने पिछले 11 सालों में एक भी सफाई कर्मचारी पक्का नही किया है। सफाई कर्मचारी कच्ची नौकरी करते-करते रिटायर हो जाते है व रिटायरमेंट पर उन्हें खाली हाथ घर का रास्ता दिखा दिया जाता है जो कि जो कि न्यायोचित नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया तो कर्मचारी आने वाले समय में आंदोलन को तेज करने पर मजबूर होंगे। आज के प्रदर्शन में, वीरू रत्ती, राजा राम चौहान, अमित गिल, धीरज घोघलिया, ओम प्रकाश झलनिया, पवन चिंडालिया, शकुंतला, रंजना आदि मौजूद रहे।