दिल्ली विधानसभा का प्रतिनिधिमंडल 15 से तीन दिवसीय ओडिशा दौरे पर, ई-विधान कार्यान्वयन का करेगा अध्ययन
दिल्ली विधानसभा का प्रतिनिधिमंडल 15 से तीन दिवसीय ओडिशा दौरे पर, ई-विधान कार्यान्वयन का करेगा अध्ययन
नई दिल्ली, 14 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में 15 अप्रैल से तीन दिवसीय ई-विधान कार्यान्वयन अध्ययन के लिए विधानसभा का एक प्रतिनिधिमंडल ओडिशा दौरे पर जाएंगे। यह दौरा ओडिशा विधानसभा में राष्ट्रीय ई-विधान अनुप्रयोग (नोवा) के सफल कार्यान्वयन से सीखने और उसका मूल्यांकन करने के लिए आयोजित किया गया है। ओडिशा विधानसभा हाल ही में पूरी तरह से कागज रहित प्रणाली में परिवर्तित हुई है।
इस प्रतिनिधिमंडल में विधानसभा उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, वरिष्ठ अधिकारी एवं नोवा परियोजना से जुड़े प्रमुख पदाधिकारी भी शामिल होंगे। इस दौरे का उद्देश्य ओडिशा द्वारा अपनाई गई श्रेष्ठ तकनीकी प्रणाली, कार्यप्रणाली और नवाचारों का अध्ययन करना है।
विधानसभा अध्यक्ष ने आशा व्यक्त की है कि यह दौरा दिल्ली विधानसभा की डिजिटल परिवर्तन यात्रा को गति देगा और इसे एक आधुनिक, पारदर्शी और प्रौद्योगिकी-सक्षम विधायी निकाय के रूप में स्थापित करेगा।
यह प्रतिनिधिमंडल 15 अप्रैल को ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर की यात्रा पर रवाना होगा और वहां पहुंचने पर ओडिशा के राज्यपाल और मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट करेगा। 16 अप्रैल को प्रतिनिधिमंडल नोवा समिति के साथ बैठक में भाग लेगा और ओडिशा विधानसभा के अध्यक्ष से भी भेंट करेगा। 17 अप्रैल को दौरे का अंतिम दिन होगा, जिसमें समापन बैठकें एवं नोवा कार्यान्वयन से जुड़े हितधारकों के साथ विस्तृत चर्चा की जाएगी।
बजट सत्र के दौरान विजेंद्र गुप्ता ने दिल्ली विधानसभा को 100 दिनों के भीतर कागजरहित बनाने की घोषणा की थी।
—————









