खंडवा : मुर्शिदाबाद में वक्फ संशोधन बिल को लेकर हुई हिन्दुओं पर हिंसा के मामले में हिंदू संगठन मैदान में

खंडवा : मुर्शिदाबाद में वक्फ संशोधन बिल को लेकर हुई हिन्दुओं पर हिंसा के मामले में हिंदू संगठन मैदान में

खंडवा, 18 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में वक्फ संशोधन बिल को लेकर हुई हिन्दुओं पर हिंसा के मामले में हिंदू संगठन मैदान में उतर आए है। इसके साथ ही देशभर में इसके खिलाफ प्रदर्शन भी शुरू हो गए हैं।

शुक्रवार को खंडवा में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने हिंसा का विरोध जताते हुए प्रदर्शन कर बंगाल में राष्ट्रपति शासन की मांग की। वक्फ संशोधन बिल को लेकर बीते दिनों पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में हुई हिंसा के दौरान तीन हिन्दुओं की हत्या हो गई थी। इस हिंसा के विरोध में वीएचपी और बजरंग दल ने रैली निकाल कर खंडवा कलेक्टर कार्यालय में नारेबाजी की और ज्ञापन सौंपा । इस दौरान ममता बनर्जी और बंगाल सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए वहां राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना था वक्फ संशोधन बिल से स्थानीय हिंदुओं का कुछ लेना देना नहीं था फिर उन्हें हिंसा का शिकार होना पड़ा। सरकार हिंसा को रोकने में नाकामयाब रही। हिंदू समाज की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

विहिप के जिलाध्यक्ष माणक अग्रवाल ने कहा कि बंगाल में लगातार हिदुओं को हिंसा का शिकार होना पड़ रहा है, वक्फ मामले से हिंदुओं का कोई मतलब नहीं है। फिर भी तीन हिन्दुओं की हत्या कर दी गई, बंगाल में हिंसा तुरंत बंद हो और राष्ट्रपति शासन लगे इसे लेकर हमने ज्ञापन दिया है।*

—————