देवरिया : रास्ते पर ब्रेकर बनाने को लेकर हुए विवाद में लाठी-डंडे से हमला, घायल की मौत
देवरिया, 01 अक्टूबर । लार थाना क्षेत्र के भीखम छपरा गांव में गुरुवार शाम रास्ते पर ब्रेकर बनाने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल रामेश्वर तिवारी (50) काे मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार रामेश्वर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयं सेवक थे। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस निगरानी कर रही है।
रामेश्वर तिवारी पुत्र स्वर्गीय मंगल तिवारी रक्सा टोला, भीखम छपरा के निवासी थे। परिजनों के मुताबिक उनका पड़ोसियों से रास्ते को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। रामेश्वर के खेत की ओर जाने वाला रास्ता पड़ोसी की जमीन से होकर गुजरता है, जबकि पड़ोसी परिवार के आवागमन का रास्ता रामेश्वर के घर के पास से जाता है। इसी रास्ते को लेकर दोनों पक्षों में पहले से विवाद था।
गुरुवार को रामेश्वर अपने घर के पास सड़क पर ब्रेकर बनवा रहे थे। पड़ोसियों ने इसका विरोध करते हुए कहा कि ब्रेकर बनने से वाहनों के आवागमन में परेशानी होगी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पड़ोसियों ने रामेश्वर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लार लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में रात करीब आठ बजे उनकी मौत हो गई।
रामेश्वर की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी अमृता देवी, मां कुंता देवी, बेटियां पिंकी, पूजा और स्नेहा तथा बेटा गोपाल तिवारी का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
कार्यवाहक थाना प्रभारी विंध्याचल शुक्ला ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने दो बार गांव में दबिश दी, लेकिन आरोपी घर से फरार मिले। उनकी तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस ने मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस निगरानी कर रही है।
क्षेत्राधिकारी सलेमपुर गौरव सिंह ने बताया कि 1 अक्टूबर 2026 को थाना लार पुलिस को ग्राम भीकम छपरा में सड़क पर ब्रेकर के निर्माण को लेकर दो पक्षों के मध्य विवाद होने की सूचना प्राप्त हुई। उक्त घटना में घायल रामेश्वर तिवारी पुत्र स्वर्गीय जयमंगल तिवारी, उम्र करीब 50 वर्ष को परिजनों द्वारा इलाज हेतु सीएचसी लार लाया गया। डॉक्टरों द्वारा उन्हें इलाज हेतु जिला चिकित्सालय देवरिया रेफर किया गया, जहां उन्हें मृत घोषित किया गया है। घटना के संबंध में परिजनों से संपर्क स्थापित कर तहरीर प्राप्त की जा रही है, तथा अभियुक्तगण की गिरफ्तारी हेतु पुलिस की तीन टीमें गठित कर गिरफ्तारी के सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं।









