जीटी एक्सप्रेस के इंजन में लगी आग,दहशत में आए यात्री, पटरी पर उतरे
जीटी एक्सप्रेस के इंजन में लगी आग,दहशत में आए यात्री, पटरी पर उतरे
वीरांगना लक्ष्मीबाई स्टेशन पर हुआ हादसा, दिल्ली से झांसी पहुंचे
जनसंपर्क अधिकारी, बोले-कोई जनहानि नहीं
झांसी, 17 मार्च (हि.स.)। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन से भोपाल के लिए रवाना हुई जीटी एक्सप्रेस के इंजन में महज 50 किलोमीटर दूरी तय करते ही आग लग गई। यात्रियों को जैसे ही आग लगने की सूचना मिली तो दहशत में लोग ट्रेन से उतरकर पटरी किनारे खड़े हो गए। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर बिग्रेड ने आग पर काबू पाया। इसके बाद ट्रेन को भोपाल के लिए रवाना किया गया। इस दौरान 4 घंटे से अधिक ट्रेन पटरी पर खड़ी रही।
हुआ यूं कि ट्रेन नंबर 12616 जीटी एक्सप्रेस रविवार को दिल्ली से अपने निर्धारित समय से 37 मिनट की देरी से चलकर झांसी के वीरांगना लक्ष्मीबाई स्टेशन पहुंची थी। ट्रेन रात 12 बजे झांसी से भोपाल के लिए रवाना हुई थी। जीटी एक्सप्रेस जैसे ही झांसी से 50 किलोमीटर की दूरी तय कर बसई स्टेशन के पास पहुंची तो इंजन धू-धू कर जलने लगा। इंजन से आग की लपटें निकलते जैसे ही लोको पायलट ने देखा तो ट्रेन को रोक दिया। आग की लपटें देख यात्रियों में हड़कंप मच गया। दहशत में आए यात्री ट्रेन से उतर कर पटरी पर खड़े हो गए। लोको पायलट द्वारा तुरंत कंट्रोल रूम को आग लगने की सूचना दी गई।
जनसंपर्क अधिकारी मनोज सिंह ने बताया कि रात में जैसे ही ट्रेन के इंजन में आग लगने की सूचना मिली थी तो अधिकारियों द्वारा तत्काल फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया। इस दौरान ट्रेन 4.40 घंटे लाइन पर खड़ी रही। इसके बाद डीजल इंजन लगाकर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। बाकी ट्रेनों को तीसरी लाइन से पास किया गया। ट्रेनों के आवागमन में काेई फर्क नहीं पड़ा। वहीं इंजन में लगी आग से किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।









