वैरागन काशवी जैन का फतेहाबाद में हुआ तिलक समारोह, दाे फरवरी को दिल्ली में होगी दीक्षा
वैरागन काशवी जैन का फतेहाबाद में हुआ तिलक समारोह, दाे फरवरी को दिल्ली में होगी दीक्षा
फतेहाबाद, 24 नवंबर (हि.स.)। जिले के शहर रतिया में स्थित जैन स्थानक में रविवार को महासाध्वी श्री शिवाजी महाराज की शिष्या वैरागण काशवी जैन का तिलक रस्म समारोह भव्य रूप से मनाया गया। इस कार्यक्रम में महासाध्वी श्री ज्ञान प्रभा महाराज, महासाध्वी सुचारू महाराज एवं महासाध्वी सुब्रत प्रभा महाराज के सानिध्य में रतिया के अलावा टोहाना, नरवाना, उकलाना, बुढलाडा, सरदूलगढ़, हिसार तथा दिल्ली से भी सैंकड़ो श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान सर्व प्रथम जैन सभा के प्रधान संजू जिंदल, अनिल जैन, सुरेश जिंदल, राजेंद्र मित्तल, राजेश जैन, निर्मल जैन, चंद्रसेन जैन, मोहन जैन, अरमनाथ जैन, अश्विनी जैन, मोनू जिंदल, राजकुमार जिंदल व महिला मंडल की तरफ से बबीता जिंदल, अनीता जैन ने वैरागण का तिलक रस्म किया और उन्हें उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इसके बाद दूसरे शहरों से आए हुए जैन समाज के लोगों ने वैरागण का तिलक रस्म किया।
इस अवसर पर जैन साध्वियों ने प्रवचन करते हुए कहा कि जैन समाज की दीक्षा ग्रहण करना खंडे की धार पर चलने के समान है और बैरागन काशवी जैन ने दीक्षा ग्रहण करने का जो फैसला किया है, वह जैन समाज की प्रतिष्ठा में और चार-चांद लगाएगी। वैरागण काशवी जैन ने अपने संबोधन में कहा कि उन्हें बचपन से ही जैन दीक्षा अंगीकार करने का मन था, जिसको देखते हुए उन्होंने जैन साध्वी श्री शिवा जी महाराज के चरणों में वैरागण का मार्ग अपनाया है और 2 फरवरी को दिल्ली में उनकी दीक्षा आयोजित की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान टोहाना से आए हुए जैन श्रद्धालुओं ने संक्षिप्त नाटक का भी मंचन किया और जैन धर्म की महिमा का गुणगान किया। प्रधान संजू जिंदल ने बताया कि दिल्ली दीक्षा समारोह में रतिया से सैंकड़ों की संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे वहीं इस कार्यक्रम में सेलर संगठन के नव नियुक्त प्रधान मोनू जिंदल को भी जैन समाज द्वारा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।









