लोकतंत्र के रक्षकों पर हमला कर रहे झामुमो-कांग्रेस के गुंडे : बाबूलाल मरांडी

लोकतंत्र के रक्षकों पर हमला कर रहे झामुमो-कांग्रेस के गुंडे : बाबूलाल मरांडी

साहेबगंज, 26 नवंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी आज बरहेट (साहेबगंज) के दौरे पर थे। उन्होंने बरहेट के भाजपा प्रत्याशी गामालियन हेंब्रम के समर्थन में वोट करने वाले ईमाम मिर्जा सहित अन्य से मुलाकात की तथा उनके घर पर झामुमो व कांग्रेस के गुंडों के द्वारा हुए पथराव की जानकारी ली।

मरांडी ने घटना की तीव्र भर्त्सना करते हुए कहा कि आज संविधान दिवस है। भारत का संविधान लोकतंत्र का सुरक्षा कवच है लेकिन कांग्रेस और झामुमो सत्ता के अहंकार में लोकतंत्र के रखवालों पर हमला कर रहे। इमाम मिर्जा के घर पर सिर्फ इसलिए पथराव किया गया क्योंकि, उसने भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में वोट किया। कहा कि आंखों को बंद करने से खतरा नहीं जाएगा, अरे वो देखना पड़ेगा जो देखा नहीं जाएगा। झारखंड लव-जिहाद लैंड-जिहाद के बाद अब पत्थरबाजों की गिरफ्त में आ चुका है। हाल यह है कि पत्थर चलाए जा रहे हैं। लाठी मारी जा रही है। घर तोड़े जा रहे हैं। वोट देने के आधार पर जनता को पीटा जा रहा है।

मरांडी ने कहा कि ऐसी ही घटना ग्राम मोहम्मदपुर, जिला साहिबगंज में सामने आई है, जहां ईमाम मिर्जा को सिर्फ इसलिए पीटा गया, धमकाया गया, मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। क्योंकि, उसने अपना विश्वास भारतीय जनता पार्टी पर जताया था, वोट कमल के फूल पर दिया था। परिणाम आते ही जेएमएम पार्टी के गुंडे भाजपा समर्थित कार्यकर्ताओं और वोटरों को पीट रहे हैं। गांव से बेदखल करने की धमकी दे रहे हैं और कह रहे हैं कि उनके हाथ में मुख्यमंत्री से लेकर थाना प्रभारी सभी हैं। इसलिए उनके कुकृत्यों के लिए कोई उनका बाल भी बांका नहीं कर सकता है।

—————