समितियों से डीएपी राजकीय बीज भंडार में गेहूं का बीज खत्म

समितियों से डीएपी राजकीय बीज भंडार में गेहूं का बीज खत्म

हमीरपुर, 23 नवम्बर (हि.स.)। शनिवार को सुमेरपुर कस्बे की सभी सहकारी समितियों से एक बार फिर डीएपी खाद गायब हो जाने से किसान निराश है और महंगे दामों में बाजार से डीएपी खरीद कर बोने को मजबूर हो रहा है।

कस्बे की क्षेत्रीय सहकारी समिति, क्रय विक्रय सहकारी समिति एवं पीसीएफ किसान सेवा केंद्र में एक-एक ट्रक डीएपी खाद वितरण के लिए सुबह मुहैया हुई थी। समितियों के सचिवों ने उसी दिन किसानों को दो-दो बोरी डीएपी का वितरण किया था। शाम को सभी जगहों पर स्टाक में डीएपी शून्य हो गई थी। तब से अब तक वितरण के लिए कस्बे की किसी भी समिति में डीएपी नहीं आई है। किसान समितियों के चक्कर काटने के बाद बाजार से महंगे दामों में डीएपी खरीदकर फसले बोने को मजबूर हो रहा है। क्षेत्रीय सहकारी समिति के अध्यक्ष राकेश शर्मा ने बताया कि डीएपी न होने से किसान परेशान है। सरकार आपूर्ति करने में असफल साबित हो रही है। वहीं राजकीय बीज भंडार से गेहूं के बीज के साथ चना का बीज गायब है। इससे किसान बाजार से महंगे दामों में गेहूं एवं चना का बीज खरीद रहा है। बरुआ के किसान शिवप्रसाद, राम खिलावन, सुखराम, इंद्रपाल आदि ने बताया कि गेहूं के बीज के साथ चना का बीज भी गायब है। शनिवार को राजकीय बीज भंडार में बीज न मिलने से निराशा हुई है। बीज गोदाम प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि गेहूं एवं चना का बीज अगले सप्ताह आने की उम्मीद है।

—————