फतेहाबाद : अग्रोहा धाम के विकास काे विशेष पैकेज दे सरकार : बजरंग गर्ग

फतेहाबाद : अग्रोहा धाम के विकास काे विशेष पैकेज दे सरकार : बजरंग गर्ग

फतेहाबाद, 24 अक्टूबर (हि.स.)। वैश्य समाज के प्रतिनिधियों का सम्मेलन गुरुवार काे सिरसा रोड स्थित निजी होटल में अग्रोहा धाम वैश्य समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष व हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग की अध्यक्षता में हुआ। सम्मेलन के उपरांत बजरंग गर्ग ने पत्रकारवार्ता में कहा कि अग्रोहा धाम में 10 नवंबर को विशाल वार्षिक मेला लगेगा, जिसमें देश के कौने-कौने से लाखों की संख्या में लोग भाग लेंगे। मेले में मुख्य सम्मेलन 12 बजे आरंभ होगा, जिसमें महामंडलेश्वर कुमार स्वामी अपना आशीर्वाद देंगे व भजन सम्राट कन्हैया मित्तल आदि प्रमुख कलाकार भजनों की बौछार करेंगे।

बजरंग गर्ग ने कहा कि अग्रोहा धर्मनगरी है। सरकार को अग्रोहा के विकास के लिए विशेष पैकेज देना चाहिए। सरकार ने 2015 में अग्रोहा में टैक्सटाइल हब व इंडस्ट्रीज जोन बनाने की घोषणा की थी। सरकार को अपने वादे के अनुसार अग्रोहा में टैक्सटाइल हब व इंडस्ट्रीज जोन बनाना चाहिए। सरकार ने अग्रोहा, फतेहाबाद, सिरसा को रेलवे लाइन से जोड़ने की घोषणा करने के बावजूद आज तक रेलवे लाइन का काम शुरू नहीं किया है। सरकार को वादे के अनुसार अग्रोहा, फतेहाबाद, सिरसा को रेलवे लाइन से जोड़ने का काम शुरू करना चाहिए ताकि अग्रोहा धाम व मेडिकल कॉलेज में हर रोज जो देश के कौने-कौने से हजारों लोग आते हैं उनको राहत मिल सके।

बजरंग गर्ग ने कहा कि समाज के सहयोग से अग्रोहा धाम में करोड़ों रुपए के विकास कार्य चल रहे हैं और जरूरतमंद व गरीबों के लिए अग्रोहा धाम में सहायता कोष का गठन किया जाएगा। बच्चों के रिश्ते के लिए अग्रोहा धाम द्वारा टीम का गठन किया गया है और विवाह-रिश्तों के लिए अग्रोहा धाम रिश्ते विवाह डोट कोम वेबसाइट शुरू की गई है, ताकि युवक-युवती के माता-पिता वेबसाइट के माध्यम से बच्चों के बायोडाटा के हिसाब से आपस में बातचीत करके रिश्ते कर सके। बजरंग गर्ग ने कहा कि अग्रोहा धाम में जरूरतमंद युवक-युवती की शादी करवाने की पूरी व्यवस्था की हुई है। शादी में कन्या को 1.5 लाख रुपए का सामान साथ में दिया जाता है। इस अवसर पर अग्रोहा धाम वैश्य समाज के जिला प्रधान सुरेंद्र मित्तल, महिला जिला प्रधान नेहा मित्तल, भट्टू प्रधान ब्रह्मानंद गोयल सहित अनेक प्रतिनिधि मौजूद थे।