फतेहाबाद : भूना में बस ने बाइकसवार बुजुर्ग काे कुचला, एक घायल
फतेहाबाद : भूना में बस ने बाइकसवार बुजुर्ग काे कुचला, एक घायल
फतेहाबाद, 24 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के शहर भूना में गुरुवार को बस ने बाइक सवार बुजुर्ग काे कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई और उसका पोता घायल हाे गया। उसे हल्की-फुल्की चोट लगीं। पुलिस मामले की जांच कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार जांडली कलां गांव निवासी विक्रम अपने दादा कन्हैया की दवाई दिलवाने के लिए बाइक पर उसे साथ लेकर भूना जा रहा था। वह भूना से पहले नर्सरी के पास पहुंचा तभी पीछे से फतेहाबाद से नरवाना जा रही एक निजी बस ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद विक्रम सड़क किनारे गिरा और सड़क पर गिरे कन्हैया लाल काे बस ने कुचल दिया। बुजुर्ग का धड़ दो हिस्सों में बंट गया, जिससे मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में विक्रम को हल्की-फुल्की चोटें लगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया है।









