आचार संहिता तक सीएसआर फंड से होगा बैद्यनाथ धाम में क्यू कॉम्प्लेक्स के दूसरे फेज का निर्माण : झारखंड हाई कोर्ट
आचार संहिता तक सीएसआर फंड से होगा बैद्यनाथ धाम में क्यू कॉम्प्लेक्स के दूसरे फेज का निर्माण : झारखंड हाई कोर्ट
रांची, 23 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड हाई कोर्ट में देवघर में बाबा बैद्यनाथ मंदिर के निकट क्यू कॉम्पलेक्स के फेज दो का निर्माण कार्य शुरू नहीं होने को लेकर सांसद निशिकांत दुबे की अवमानना याचिका पर बुधवार काे सुनवाई हुई।
मामले में हाई कोर्ट की खंडपीठ ने राज्य सरकार को निर्देश दिया कि राज्य में आदर्श आचार संहिता खत्म होने पर नवयुग कंपनी लिमिटेड को देवघर में क्यू कॉम्पलेक्स के फेज दो के काम करने को लेकर कैबिनेट की अप्रूवल की शर्त को हटाए। क्योंकि, हाई कोर्ट ने नवयुग कंपनी लिमिटेड को सीएसआर फंड से देवघर में क्यू कॉम्पलेक्स के फेज दो निर्माण पूरा करने के संबंध में पूर्व में ही आदेश पारित किया है।
इससे पूर्व याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता शिवानी जालूका ने कोर्ट को बताया कि राज्य सरकार ने नवयुग कंपनी लिमिटेड को पत्र लिखकर कहा है कि वह अभी सीएसआर फंड से देवघर में क्यू कॉम्पलेक्स के फेज दो का काम शुरू कर सकती है लेकिन कंपनी के समक्ष शर्त यह रखी है कि राज्य में विधानसभा चुनाव को लेकर लगी आदर्श आचार संहिता के खत्म होने के बाद कैबिनेट के समक्ष इस प्रपोजल को अप्रूवल के लिए रखा जाएगा। मामले की अगली सुनवाई 28 अक्टूबर को होगी।
हाई कोर्ट की खंडपीठ ने दिसंबर, 2023 में निशिकांत दुबे की ओर जनहित याचिका को स्वीकृत करते हुए देवघर में बाबा बैद्यनाथ मंदिर के क्यू कॉम्पलेक्स का निर्माण जल्द करने का आदेश दिया था। कोर्ट ने अपने पूर्व के आदेश में कहा था कि नवयुग कंपनी लिमिटेड के द्वारा सीएसआर के तहत देवघर में क्यू कॉम्पलेक्स के द्वितीय फेज के निर्माण के लिए 120 करोड़ देने का जो आग्रह किया था, उसे राज्य सरकार स्वीकार करें। इस राशि से देवघर में क्यू कॉम्पलेक्स के द्वितीय फेज का निर्माण कार्य शुरू किया जाए।
कोर्ट ने सरकार को क्यू कॉम्पलेक्स के द्वितीय फेज के निर्माण कार्य की मॉनिटरिंग करने का भी निर्देश दिया था लेकिन हाई कोर्ट के आदेश का पालन नहीं होने पर निशिकांत दुबे की ओर से हाई कोर्ट में और अवमानना याचिका दाखिल की गई। नवयुग कंपनी लिमिटेड के द्वारा सीएसआर के तहत देवघर में क्यू कॉम्पलेक्स के द्वितीय फेज के निर्माण के लिए 120 करोड़ देने के आग्रह राज्य सरकार से किया गया है।
सांसद निशिकांत दुबे द्वारा दाखिल जनहित याचिका में कहा गया है कि बाबा बैद्यनाथ मंदिर, देवघर के लिए क्यू कॉम्पलेक्स के दूसरे फेज का निर्माण कार्य चल रहा है। इसमें केंद्र सरकार की ओर से अपने अंशदान के रूप में 25 करोड़ रुपये की राशि दे दी गई है लेकिन राज्य सरकार की ओर से भी अपने हिस्से का फंड उपलब्ध नहीं कराया गया है। नवयुग कंपनी लिमिटेड ने सीएसआर स्कीम के तहत क्यू कॉम्पलेक्स के द्वितीय फेज के निर्माण के लिए अपने स्तर से 120 करोड़ देने को लेकर सरकार को पत्र लिखा है।
—————









