छह दिन से जारी अभियान में शामिल 14 जवानाें काे मेकाॅज लाया गया
छह दिन से जारी अभियान में शामिल 14 जवानाें काे मेकाॅज लाया गया
नारायणपुर, 26 सितंबर। जिले में चलाये जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान में छह दिन से जवान ऑपरेशन में थे, इसलिए उन्हें थकान, दर्द की शिकायत हाेने पर एसटीएफ के कुल 14 जवानाें काे हेलीकॉप्टर की मदद से गुरुवार को नारायणपुर से जगदलपुर भेजा गया। उनमें से एक जवान को ज्यादा परेशानी के चलते उन्हें मेकाॅज में भर्ती करवाया गया है, जबकि बाकी जवानों काे जांच के बाद वापस नारायणपुर बुला लिया गया है।
मेकाॅज पहुंचे एसटीएफ जवान कुलदीप लाड़िया ने बताया कि 20 सितंबर से एसटीएफ, डीआरजी, कोबरा, सीआरपीएफ के अलावा अन्य टीम सर्चिंग पर निकली हुईं थी। इन जवानों को नक्सलियों के मूवमेंट को लेकर जानकारी मिली थी, जिसके कारण जवान 40 किमी का सफर तय करने के बाद वापस लौट रहे थे। इस दौरान अचानक से जवानों को थकान, दर्द महसूस होने लगा। इसकी सूचना पर पुलिस विभाग की ओर से एक चॉपर को अंदरूनी इलाके में भेजा गया, जहां से जवान कुलदीप के साथ अन्य जवान भी जो काफी थक गए थे, उन्हें भी चलने में दिक्कत हो रही थी। जिसके कारण वे भी चॉपर के माध्यम से जगदलपुर आ पहुंचे, इसके बाद कुलदीप को एंबुलेंस की मदद से मेकाॅज भेजा गया, जबकि अन्य जवानों को वापस बुला लिया गया है।
नारायणपुर एसपी प्रभात कुमार ने बताया कि जिन जवानों को चॉपर से लाया गया। उन्हें लगातार पैदल चलने में दिक्कत हो रही थी, ऐसे में एक जवान के साथ अन्य 14 जवान भी आ गए। सभी जवान छह दिन से ऑपरेशन में थे, इसलिए उन्हें थकान के चलते एक साथ लाया गया है।









