शिकायत के बाद जिला प्रशासन ने जीपीएस हॉस्पिटल को किया सील
शिकायत के बाद जिला प्रशासन ने जीपीएस हॉस्पिटल को किया सील
जालौन, 28 अगस्त (हि.स.)। प्रसव के लिए आई महिला व बच्चे की मौत के मामले को लेकर जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए जेपीएस हॉस्पिटल को सील कर दिया है। यह कार्यवाही पीड़ित द्वारा की गई शिकायत के बाद हुई है। शिकायत में पीड़ित द्वारा हॉस्पिटल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया था। इसके बाद एसीएमओ ने बुधवार को बिना मानक के चल रहे हॉस्पिटल काे सील कर दिया।
बता दें कि पूरा मामला जालौन के कोंच नगर का है। यहां पर एक हफ्ते पहले प्रसव पीड़ा के दौरान गर्भवती महिला को परजनों ने जेपीएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। इलाज देने के बाद भी उसे रेफर कर दिया गया था। जहां रास्ते में ही जच्चा बच्चा दोनों की मौत हो गई थी। महिला के परिजनों ने एसडीएम व पुलिस से हॉस्पिटल की लापरवाही की शिकायत दर्ज कराई थी। वहीं, एसडीएम के निरीक्षण में डॉक्टर व अस्पताल के कर्मचारी और दस्तावेज भी गायब थे। एसडीएम ज्योति सिंह व एसीएमओ अरविंद कुमार ने बुधवार को पुलिस के साथ पहुँचकर हॉस्पिटल के सील करने की कार्रवाई की है। यह हॉस्पिटल डॉ अक्षय यादव के नाम पर रजिस्टर्ड था। जिसे सील कर दिया गया है।









