राजगढ़ः स्वामित्व योजना से ग्रामीणों को मिला संपत्ति का कानूनी अधिकार, मंत्री टेटवाल ने बांटे दस्तावेज
राजगढ़,6 नवंबर । मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत भाटखेड़ी में शुक्रवार को स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं निःशुल्क रजिस्ट्री कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के कौशल विकास एवं रोजगार विभाग गौतम टेटवाल ने हितग्राहियों को संपत्ति के अधिकार संबंधी दस्तावेज वितरित किए।
इस दौरान राज्यमंत्री टेटवाल ने कहा कि स्वामित्व योजना ग्रामीण परिवारों को उनकी संपत्ति का कानूनी अधिकार दिलाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। अब ग्रामीणों के पास अपनी संपत्ति का आधिकारिक दस्तावेज होगा। इससे न केवल संपत्ति संबंधी विवादों में कमी आएगी, बल्कि जरूरत पड़ने पर बैंकिंग सुविधाओं और अन्य आर्थिक गतिविधियों का लाभ लेने में भी आसानी होगी। योजना ग्रामीणों को अधिकार संपन्न बनाने के साथ आत्मनिर्भर बनाने का माध्यम है। उन्होंने ग्रामीणों को योजना के उद्देश्य, अधिकार अभिलेख तैयार करने और निःशुल्क रजिस्ट्री की प्रक्रिया की जानकारी भी दी। इस दौरान किसान भाइयों एवं अन्य हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख और रजिस्ट्री के दस्तावेज सौंपे गए।वहीं योजना के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पटवारियों को सम्मानित किया गया।
राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांव, गरीब और किसानों के कल्याण के लिए काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और ग्रामीणों का जीवन सुरक्षित व समृद्ध बने।










