jh-falldown-minimum-temperature

झारखंड में बढ़ी ठंड, अगले दो दिनों में 2 से 3 डिग्री और गिरेगा पारा

रांची, 06 नवंबर । झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट से ठंड बढ़ गई है। पिछले तीन-चार दिनों में राज्य के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक नीचे आया है। इसके कारण सुबह और शाम के समय कनकनी बढ़ गई है।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। इससे ठंड में और वृद्धि होने की संभावना है। हालांकि, अधिकतम तापमान में फिलहाल कोई खास बदलाव नहीं हुआ है। इस कारण दोपहर के समय तेज धूप का असर महसूस किया जा रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार, नौ से 11 नवंबर तक राज्य के विभिन्न जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट और कनकनी बढ़ सकती है।

इधर, शुक्रवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। हालांकि, सुबह के समय खुले और नमी वाले इलाकों में घना कुहासा देखने को मिला।

शुक्रवार को रांची में अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, जमशेदपुर में अधिकतम 31.8 और न्यूनतम 20.6 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 31.2 और न्यूनतम 17.7 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 29.1 और न्यूनतम 18.2 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 31.8 और न्यूनतम 19.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।———–