message-given-to-celebrate-the

नूंह: पटाखा मुक्त दिवाली मनाने के लिए विद्यार्थियों को किया जागरूक, निकाली रैली

नूंह, 06 नवंबर । दीपावली के पर्व को स्वच्छ, सुरक्षित और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय नूंह की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खेड़ला में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को पटाखों से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए जागरूकता रैली भी निकाली गई।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि पटाखों से निकलने वाला जहरीला धुआं वायु प्रदूषण को बढ़ाता है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को इससे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा पटाखों से होने वाला तेज शोर ध्वनि प्रदूषण बढ़ाने के साथ ही पशु-पक्षियों के लिए भी नुकसानदायक होता है। विद्यार्थियों से आह्वान किया गया कि वे इस दीपावली पटाखों से दूरी बनाते हुए मिट्टी के दीये जलाकर त्योहार मनाएं और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाएं। उन्हें प्रेरित किया गया कि वे पटाखा मुक्त दिवाली का संदेश अपने परिवार, माता-पिता और आसपास के लोगों तक भी पहुंचाएं। जागरूकता रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और उन्हें समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित करना रहा।