मोबाइल छिनतई करने वाले दो युवक गिरफ्तार, आईफोन और दो बाइक बरामद
पूर्वी सिंहभूम, 27 अक्टूबर । परसुडीह थाना क्षेत्र में चोरी की बाइक से मोबाइल छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सोपोडेरा निवासी समीर मुखी (20) और सुखलाल गगराई (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एप्पल आईफोन 15 प्रो मैक्स, मोटोरोला और सैमसंग कंपनी के मोबाइल फोन के अलावा दो स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
मंगलवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 27 अक्टूबर 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि परसुडीह थाना क्षेत्र के मुरुम मैदान के पास कुछ युवक छिनतई के मोबाइल फोन और चोरी की बाइक की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना की जानकारी वरीय अधिकारियों को देने के बाद पुलिस टीम गठित कर छापेमारी की गई। इस दौरान समीर मुखी और सुखलाल गगराई को पकड़ लिया गया, जबकि अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस ने समीर मुखी के पास से एप्पल आईफोन 15 प्रो मैक्स और जैतूनी हरे रंग की स्प्लेंडर बाइक बरामद की। बाइक का पंजीकरण नंबर जेएच05ईडी-9874 है। वहीं, सुखलाल गगराई के पास से भूरे रंग का मोटोरोला मोबाइल फोन मिला। छापेमारी के दौरान बिना नंबर प्लेट वाली काले रंग की एक अन्य स्प्लेंडर बाइक भी बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि उन्होंने यह बाइक सीतारामडेरा थाना क्षेत्र से चोरी की थी।
पुलिस का कहना है कि दुर्गा पूजा के दौरान दोनों आरोपितों ने स्प्लेंडर बाइक का इस्तेमाल कर बिरसानगर थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर सड़क से गुजर रहे लोगों के मोबाइल फोन छीने थे। बरामद मोबाइल फोन और बाइक के संबंध में पुलिस आगे की जांच कर रही है। गिरफ्तार दोनों युवकों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।










