inter-university-volleyball-to

पूर्व क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय पुरुष वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आगाज

बारासात, 27 अक्टूबर । पूर्वी भारत के विश्वविद्यालयों की पुरुष वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन बारासात स्थित एडमास विश्वविद्यालय में किया जा रहा है। मंगलवार को एडमास नॉलेज सिटी में वर्ष 2026-27 की ईस्ट जोन अंतर-विश्वविद्यालय पुरुष वॉलीबॉल प्रतियोगिता शुरू हुई। यह प्रतियोगिता 31 अक्टूबर तक चलेगी।

एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (एआईयू) के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में लगभग 60 विश्वविद्यालयों की टीमें हिस्सा लेंगी। इसमें खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी कर्मचारियों सहित 800 से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है।

पांच दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में चार कोर्ट पर लगभग 65 मैच आयोजित किए जाने हैं। उद्घाटन समारोह में एडमास विश्वविद्यालय के कुलाधिपति सहित खेल जगत की कई प्रमुख हस्तियां उपस्थित थीं।

प्रतियोगिता में शामिल 60 टीमों को 15-15 टीमों के चार पूल में बांटा जाएगा। लीग चरण के बाद नॉकआउट मुकाबले होंगे। इस आयोजन का उद्देश्य विश्वविद्यालय स्तर के खिलाड़ियों की प्रतिभा और टीम भावना को सामने लाने के साथ-साथ पूर्वी क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के बीच आपसी संपर्क और सहयोग को बढ़ावा देना भी है।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, पढ़ाई के साथ खेलकूद को भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने और प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव हासिल करने का अवसर प्रदान करते हैं।—–