पेंशनरों को कोषागार में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने की आवश्यकता नहीं : जिलाधिकारी
मुरादाबाद, 29 सितम्बर । उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद के जिलाधिकारी अनुनय झा ने कोषागार, मुरादाबाद से पेंशन आहरित करने वाले समस्त पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों को अवगत कराया है कि जिन पेंशनरों के जीवित प्रमाण-पत्र की वैधता समाप्त होने वाली है, वे अपना जीवित प्रमाण-पत्र ऑनलाइन प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके लिए पेंशनरों को कोषागार में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने की आवश्यकता नहीं होगी। पेंशनर्स पेंशनर्स आधार फेस आरडी एप और जीवन प्रमाण एप डाउनलोड करें।
जिलाधिकारी अनुनय सिंह ने मंगलवार काे बताया कि पेंशनर्स अपने अथवा अपने परिवार के किसी सदस्य के स्मार्टफोन के प्ले स्टोर से सर्वप्रथम आधार फेस आरडी एप (AadhaarFaceRD App) इंस्टॉल करें। इसके पश्चात जीवन प्रमाण एप (Jeevan Pramaan App) इंस्टॉल कर उसे खोलें। ऐप में मांगी गई आवश्यक जानकारी दर्ज करने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से अपना जीवित प्रमाण-पत्र तैयार कर ऑनलाइन प्रस्तुत किया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस डिजिटल सुविधा के माध्यम से पेंशनर घर बैठे अपना जीवित प्रमाण-पत्र कोषागार को ऑनलाइन प्रेषित कर सकते हैं। इससे पेंशनरों को कोषागार कार्यालय तक आने-जाने की आवश्यकता नहीं होगी और समय एवं श्रम की भी बचत होगी। जिलाधिकारी ने बताया कि जिनके जीवित प्रमाण-पत्र की वैधता समाप्त होने वाली है, वे समय से अपना जीवित प्रमाण-पत्र ऑनलाइन प्रस्तुत कर इस सुविधा का लाभ उठाएं। भविष्य में भी जीवित प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने के लिए इसी प्रक्रिया का पुनः उपयोग किया जा सकता है।









