jh-permission-to-report-in-mmch

एमएमसीएच में रिपोर्टिंग के लिए अब पत्रकारों को लेनी होगी अनुमति

पलामू, 29 सितंबर । मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) में अब पत्रकारों को रिपोर्टिंग के लिए सक्षम अधिकारी से अनुमति लेना अनिवार्य कर दिया गया है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से जारी निर्देश में मरीजों की निजता, सुरक्षा और अस्पताल परिसर में चिकित्सा सेवाओं के सुचारू संचालन का हवाला देते हुए मीडिया कर्मियों से रिपोर्टिंग के दौरान संवेदनशीलता और सहयोग बनाए रखने की अपील की गई है।

साथ ही पत्रकारों को अपने साथ पहचान पत्र रखने का निर्देश दिया गया है।

अस्पताल प्रबंधन का यह आदेश ऐसे समय आया है, जब एमएमसीएच से जुड़ी व्यवस्थाओं और मरीजों की समस्याओं को लेकर लगातार खबरें सामने आ रही हैं। अस्पताल की व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं, जांच सेवाओं और मरीजों को होने वाली परेशानियों से जुड़े मामलों को मीडिया की ओर से प्रमुखता से उठाया जाता रहा है।

ऐसे में रिपोर्टिंग के लिए पूर्व अनुमति की अनिवार्यता ने अस्पताल की पारदर्शिता और मीडिया की स्वतंत्र रिपोर्टिंग को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

खास बात यह है कि हाल ही में पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने दवा दुकानों और जांच घरों के निरीक्षण के दौरान पत्रकारों से कहा था कि अवैध रूप से संचालित दवा दुकानों और जांच घरों से संबंधित खबरें साक्ष्य के साथ प्रशासन के संज्ञान में लाई जाएं, ताकि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करते समय मामले को न्यायालय में भी मजबूती से साबित किया जा सके।

ऐसे में सवाल यह है कि जब प्रशासन खुद अनियमितताओं को साक्ष्य सहित सामने लाने में मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण मान रहा है, तब सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में रिपोर्टिंग से पहले अनुमति की अनिवार्यता कितनी सहज व्यवस्था है।

मरीजों की निजता और अस्पताल की सुरक्षा महत्वपूर्ण है, लेकिन इसके साथ यह भी जरूरी है कि व्यवस्था की कमियों, लापरवाही और मरीजों की शिकायतों की स्वतंत्र पड़ताल का रास्ता बाधित न हो।