हॉकी झारखंड का चुनाव रद्द करने की मांग को लेकर हाई कोर्ट में याचिका
रांची, 30 सितंबर । हॉकी झारखंड के चुनाव को रद्द करने की मांग को लेकर झारखंड उच्च न्यायालय में याचिका दायर की गई है। अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मनोहर टोपनो एवं अन्य की ओर से अधिवक्ता सुभाशिष रसिक सोरेन ने याचिका दाखिल की है।
याचिका में कहा गया है कि भारत सरकार की ओर से खेल संघों के चुनाव को दिसंबर 2026 तक रोकने का निर्णय लिया गया है। इसके बावजूद हॉकी झारखंड का चुनाव कराया गया। प्रार्थियों ने इस चुनाव की वैधता पर सवाल उठाते हुए इसे रद्द करने की मांग की है।
याचिका के अनुसार, हॉकी झारखंड के चुनाव का परिणाम 19 जुलाई 2026 को घोषित किया गया था। चुनाव में भोलानाथ सिंह को अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। प्रार्थियों का कहना है कि भोलानाथ सिंह वर्तमान में हॉकी इंडिया के सचिव भी हैं। ऐसे में एक व्यक्ति के दो महत्वपूर्ण पदों पर रहने को लेकर भी याचिका में आपत्ति जताई गई है।
प्रार्थियों ने अदालत से भारत सरकार की ओर से खेल संघों के चुनाव पर लगाई गई रोक के बावजूद कराए गए हॉकी झारखंड के चुनाव की वैधता की जांच करने और चुनाव को रद्द करने का आग्रह किया है। मामले में उच्च न्यायालय के समक्ष अब आगे की सुनवाई में संबंधित पक्षों का पक्ष सामने आएगा।









